सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से मेहर चंद महाजन डीएवी महिला महाविद्यालय के विक्ट्री अगेंस्ट ड्रग एब्यूज़ (वाडा) क्लब की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पहल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एनएमबीए मोबाइल वैन के माध्यम से की गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘कुंभकरण’ के प्रतीकात्मक उदाहरण के जरिए विद्यार्थियों को नशे और अन्य हानिकारक आदतों के सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। राजयोग भवन, ब्रह्माकुमारी केंद्र की ब्रह्माकुमारी नेहा ने ध्यान सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मानुशासन और विवेकपूर्ण निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना, गलत परिस्थितियों में दृढ़ता से ‘ना’ कहना और तकनीक का संतुलित उपयोग युवाओं को नकारात्मक प्रभावों से बचा सकता है। मानसिक संतुलन के लिए नियमित ध्यान को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशा विरोधी शपथ दिलाई गई। इसमें 80 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने वाडा क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को अहम बताया।

