सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर-20डी, चंडीगढ़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सुश्री उर्मिल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. सपना नंदा, प्राध्यापकगण, कार्यालय एवं प्रशासनिक कर्मचारी, विद्यार्थी तथा नन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राचार्या डॉ. सपना नंदा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों, समावेशिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।संगीत विभाग के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
नन्हे बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम के बाद उपस्थितजनों को मिठाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम का संचालन स्टाफ सचिव डॉ. लीलू राम तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. बलविंदर कौर, डॉ. आरती भट्ट एवं डॉ. उपासना थपलियाल ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

