सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकूला: विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर पारस हेल्थ पंचकूला में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भ्रांतियां दूर करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वास्थ्य विशेषज्ञों, प्रत्यारोपण विशेषज्ञों, मरीजों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान 100 लोगों ने अंगदान की शपथ लेकर जरूरतमंद मरीजों को जीवन की नई उम्मीद देने का संकल्प लिया।मुख्य अतिथि एसीपी ट्रैफिक, पंचकूला श्री सुरिंदर दूदी रहे। डॉ. (कर्नल) अनुराग गर्ग, चीफ ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर, कमांड हॉस्पिटल तथा शिक्षाविद् एवं प्रेरक वक्ता श्रीमती प्रियंका पुनिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। विशेषज्ञों ने अंगदान और प्रत्यारोपण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। ‘मिथ्स बनाम फैक्ट्स’ सत्र में अंगदान को लेकर प्रचलित भ्रांतियों को दूर किया गया। प्रत्यारोपण के बाद नया जीवन पाने वाले मरीजों ने अपने अनुभव भी साझा किए।
पारस हेल्थ के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. पंकज मित्तल ने कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद को जीवन का दूसरा अवसर देने वाला महान कार्य है। प्रो. (ग्रुप कैप्टन) डॉ. सुमेश कायस्था ने सफल प्रत्यारोपण के लिए विशेषज्ञों और स्वास्थ्यकर्मियों के बेहतर समन्वय को आवश्यक बताया।

