सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकूला: हरियाणा में आईसीयू मरीजों को बेहतर और मानकीकृत पोषण सुविधा उपलब्ध करवाने तथा डाइटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन विद्यार्थियों के लिए व्यवस्थित इंटर्नशिप ढांचा तैयार करने की दिशा में अहम पहल की गई है।
स्वर्ण जयंती हरियाणा इंस्टीट्यूट फॉर फिस्कल मैनेजमेंट (एसजेएचआईएफएम) की ओर से स्टेट सपोर्ट मिशन (एसएसएम) के तहत पंचकूला में स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन आयोजित किया गया।बैठक में संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग तथा प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
पीजीआईएमईआर चंडीगढ़, पीजीआई रोहतक, जीएमसीएच-32 और जीएमएसएच-16 के विशेषज्ञों ने आईसीयू पोषण व्यवस्था से जुड़े अपने अनुभव और बेहतर प्रथाएं साझा कीं। बैठक में एंटरल एवं पैरेंट्रल न्यूट्रिशन के लिए राज्य स्तर पर समान, व्यावहारिक और साक्ष्य आधारित गाइडलाइंस तैयार करने पर मंथन हुआ।
अस्पतालों में पोषण व्यवस्था, डाइट तैयार करने की प्रक्रिया और व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।इसके अलावा डाइटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन विद्यार्थियों के लिए स्पष्ट और व्यवस्थित हरियाणा इंटर्नशिप पॉलिसी बनाने पर सहमति बनी। प्रतिभागियों ने विद्यार्थियों को अस्पतालों में पर्याप्त व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के सुझाव दिए।

