सिटीन्यूज़ नॉउ
न्यू चंडीगढ़: पंजाब के कॉरपोरेट क्षेत्र में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत मोहाली स्थित टाइनोर ऑर्थोटिक्स को केदारा कैपिटल से 200 मिलियन डॉलर का रणनीतिक निवेश मिलने जा रहा है। इस निवेश से कंपनी को भारत में अपनी पहुंच मजबूत करने, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार और अत्याधुनिक विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
1993 में स्थापित टाइनोर ऑर्थोपेडिक सपोर्ट, मोबिलिटी एड्स, स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस और रिहैबिलिटेशन उत्पादों के क्षेत्र में अग्रणी ब्रांड है। कंपनी की पहुंच 60 देशों में 3 लाख से अधिक रिटेल आउटलेट्स और 8,000 अस्पतालों तक है। इसके उत्पादों से अब तक 10 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ पहुंचने का दावा किया गया है।
टाइनोर के प्रमोटर डॉ. पी.जे. सिंह और ए.जे. सिंह ने कहा कि केदारा कैपिटल की साझेदारी कंपनी की वैश्विक विस्तार योजनाओं को नई गति देगी। वहीं, केदारा कैपिटल के संस्थापक एवं मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीश शर्मा ने कहा कि भारत का मेडिकल डिवाइस क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और टाइनोर इस क्षेत्र में मजबूत स्थिति रखता है।
कंपनी 6.5 लाख वर्ग फुट में फैली तीन अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधाओं का संचालन करती है। केदारा, टाइनोर के प्रमोटरों और रणनीतिक साझेदारों के साथ मिलकर ऑर्थो-केंद्रित वेलनेस प्लेटफॉर्म के विकास पर काम करेगा।

