सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन के विक्ट्री अगेंस्ट ड्रग एब्यूज़ (वाडा) क्लब ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एंटी-ड्रग योद्धाओं के सहयोग से ‘नशामुक्त चंडीगढ़’ विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया। इसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सेक्टर-36ए थाने के एसएचओ चिरंजी लाल ने नशे के गंभीर दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए ओवरडोज से होने वाली मौतों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार को भी मानसिक तनाव और पीड़ा में डालती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, नियमित व्यायाम करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने और जंक फूड से बचने की सलाह दी।
संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने नशे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रश्न पूछे और चर्चा की। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली।
कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने विद्यार्थियों से वाडा क्लब के ब्रांड एंबेसडर बनकर नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और चंडीगढ़ को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

