सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़, 13 नवंबर। शहर के सेक्टर-10 स्थित एक पार्क में शुक्रवार सुबह युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की हत्या सिर पर पत्थर से वार कर की गई। घटनास्थल पुलिस मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर होने के कारण वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुबह पार्क में शव देखकर एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के दौरान खून से सना पत्थर बरामद किया, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। युवती के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है। उसके एक हाथ पर ‘शिखा’ नाम का टैटू भी बना हुआ है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और मृतका की पहचान का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

