सिटीन्यूज़ नॉउ
नवांशहर: डायबिटीज का असर केवल ब्लड शुगर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह धीरे-धीरे किडनी को भी गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। शुरुआती चरण में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, इसलिए नियमित जांच और समय पर उपचार बेहद जरूरी है।
यह जानकारी लिवासा हॉस्पिटल्स, नवांशहर की कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजी डॉ. अमनिंदर कौर ने दी।उन्होंने बताया कि लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ा रहने से किडनी की सूक्ष्म रक्त वाहिकाएं और फिल्टर करने वाली इकाइयां प्रभावित होती हैं।
इससे पेशाब में प्रोटीन आने लगता है और किडनी की कार्यक्षमता धीरे-धीरे कम हो सकती है। गंभीर स्थिति में मरीज को डायलिसिस या किडनी ट्रांसप्लांट की जरूरत भी पड़ सकती है।डॉ. कौर के अनुसार, यूरिन एल्ब्यूमिन और किडनी फंक्शन टेस्ट के माध्यम से बीमारी की शुरुआती पहचान संभव है।
पैरों, टखनों और आंखों के आसपास सूजन, थकान, भूख में कमी तथा पेशाब की आदतों में बदलाव इसके संभावित लक्षण हैं।उन्होंने डायबिटीज के मरीजों को नियमित किडनी स्क्रीनिंग करवाने, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने और समय-समय पर नेफ्रोलॉजिस्ट से परामर्श लेने की सलाह दी।

