सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकूला: मानवीय मूल्यों, नैतिकता, आत्मिक ज्ञान और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सतयुग दर्शन ट्रस्ट द्वारा 29 नवंबर को पंचकूला में ‘समभाव समदृष्टि के निःशुल्क स्कूल’ का शुभारंभ किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से लोगों को समभाव, सकारात्मक सोच और सज्जन भाव के साथ जीवन जीने की कला से परिचित करवाया जाएगा।
शुभारंभ समारोह रविवार शाम 4 बजे सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसमें हरियाणा मानवाधिकार आयोग के चेयरपर्सन एवं पूर्व उच्च न्यायालय न्यायाधीश न्यायमूर्ति ललित बत्रा, पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल, सेक्टर-21 के पार्षद दीपक गर्ग सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के स्वयंसेवकों द्वारा सांस्कृतिक नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिसमें समभाव और समदृष्टि की महत्ता तथा समाज में मानवीय मूल्यों की भूमिका को दर्शाया जाएगा।
स्कूल का उद्देश्य आत्मिक ज्ञान, आत्मचिंतन, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और जीवन में शांति एवं संतुलन विकसित करना है। यहां सभी आयु वर्ग के लोगों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। ट्रस्ट की पंचकूला सेंटर इंचार्ज जया अहूजा ने शहरवासियों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।

