सिटीन्यूज़ नॉउ
अमृतसर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा बीबीके डीएवी महाविद्यालय, अमृतसर में भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया, जिसमें 20 विद्यालयों के 600 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमालय परिवार के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं उद्योगपति परमजीत सिंह गिल रहे, जबकि अध्यक्षता बीबीके डीएवी कॉलेज के चेयरमैन सुदर्शन कपूर ने की। मुख्य वक्ता एबीवीपी उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गौरव अत्रि थे। समारोह में भाजपा नेता अक्षय शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट भसीन, प्रिंसिपल डॉ. पुष्पेन्दु वालिया, प्रांत सह मंत्री नंदिता गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। गौरव अत्रि ने कहा कि प्रतिभा का वास्तविक महत्व तब है जब उसका उपयोग समाज और राष्ट्रहित में किया जाए।
मुख्य अतिथि परमजीत सिंह गिल ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें भारत के उज्ज्वल भविष्य का निर्माता बताया। समारोह का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।

