सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सेक्टर-18 स्थित मिनी टैगोर थिएटर में 19 वर्षीय लेखिका, अभिनेत्री और फिल्म निर्देशक निकाशा लूथरा के नवीनतम उपन्यास ‘लॉस्ट एंड फाउंड इन कश्मीर’ का भव्य विमोचन किया गया। पुस्तक का लोकार्पण हरियाणा की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. सुमिता मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों और डॉ. मनमोहन सिंह विशेष अतिथि रहे।
द नरेटर्स परफॉर्मिंग आर्ट्स सोसाइटी (इंडिया) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन को अनूठा स्वरूप दिया गया। उपन्यास के चुनिंदा अंशों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा कलाकारों ने मंच पर कुछ दृश्यों का सजीव अभिनय भी प्रस्तुत किया। 270 पृष्ठों का यह उपन्यास कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है और नुकसान, मानसिक आघात, प्रेम तथा पुनर्निर्माण जैसे मानवीय विषयों को केंद्र में रखता है।
निकाशा ने बताया कि यह रचना पहलगाम आतंकी हमले के भावनात्मक प्रभावों पर उनके चिंतन से प्रेरित है। निकाशा इससे पहले ‘डार्क ट्यूलिप्स’ और ‘फ्लावर्स इन हर रूम’ जैसी कृतियां लिख चुकी हैं। समारोह में बड़ी संख्या में लेखक, कलाकार, विद्यार्थी, शिक्षक और साहित्य प्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम रचनात्मकता, साहित्य और सार्थक संवाद का यादगार उत्सव बन गया।

