सिटीन्यूज़ नॉउ
मोहाली: इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) में एडवांस्ड मैनेजमेंट प्रोग्राम्स (एएमपी) के 2026 बैच के 186 विद्यार्थियों को कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर तेलंगाना सरकार के पर्यावरण, वन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन, आईएएस, और आईएसबी के डीन प्रो. मदन पिल्लुटला ने विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
प्रमाणपत्र प्राप्त करने वालों में हेल्थकेयर प्रोग्राम के 58, ऑपरेशंस एंड सप्लाई चेन के 50, पब्लिक पॉलिसी के 50 और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोग्राम के 28 विद्यार्थी शामिल थे।जयेश रंजन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में आईएसबी के 25 वर्षों के योगदान की सराहना की। उन्होंने नई तकनीकों को अपनाने, टीमों को मजबूत बनाने और विभिन्न संगठनों के बीच सहयोग के माध्यम से बेहतर परिणाम हासिल करने पर जोर दिया।
प्रो. मदन पिल्लुटला ने कहा कि विद्यार्थियों ने नौकरी और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों के साथ कार्यक्रम पूरा कर मेहनत एवं समर्पण का परिचय दिया है। उन्होंने सामाजिक योगदान देने और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

