सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: स्वर सप्तक सोसाइटी के तत्वावधान में गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी, सेक्टर-10 में लेखिका डॉ. संगीता लाहा चौधरी की पुस्तक ‘त्योहारों और धुनों का एशिया’ का लोकार्पण किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि आर.के. गोयल, सेवानिवृत्त प्रोफेसर, पीजी कॉलेज सेक्टर-11 रहे, जबकि साहित्यकार प्रेम विज ने अध्यक्षता की। डॉ. सरिता मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
पुस्तक में एशिया के विभिन्न देशों के त्योहारों, सांस्कृतिक परंपराओं और उनसे जुड़े संगीत का वर्णन किया गया है। लेखिका ने शोध के लिए फिलीपींस, इंडोनेशिया, कंबोडिया, वियतनाम, मलेशिया, चीन, मंगोलिया और श्रीलंका सहित 13 देशों की यात्राएं कर स्थानीय लोगों से बातचीत एवं साक्षात्कार किए।
डॉ. संगीता ने बताया कि पुस्तक का उद्देश्य भारतीय पाठकों को एशियाई देशों की सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना है। उन्होंने सिंगापुर के त्योहार से जुड़ा गीत भी प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारत, नेपाल, पाकिस्तान, थाईलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर और जापान के त्योहारों पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। अतिथियों ने पुस्तक को सांस्कृतिक अध्ययन एवं शोध के लिए उपयोगी बताया। समारोह का संचालन अंजलि सूरी और ममता गोयल ने किया।

