सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सेंट जॉन्स ओल्ड बॉयज एसोसिएशन (सजोबा) की ओर से 24 नवंबर को चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में वार्षिक सजोबा गोल्फ टूर्नामेंट-2026 आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 100 पूर्व विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। 18 होल की प्रतियोगिता में खिलाड़ी विभिन्न श्रेणियों में व्यक्तिगत ग्रॉस और नेट पुरस्कारों के लिए मुकाबला करेंगे।
टूर्नामेंट की जानकारी देने के लिए सेक्टर-26 स्थित सेंट जॉन्स हाई स्कूल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें सजोबा के पूर्व अध्यक्ष एसपीएस घई, अध्यक्ष निखिल जसपाल, इवेंट कोऑर्डिनेटर साहिल तलवार, मानद सचिव दानिश मांगट और जीबी लेजेंड्स के सीईओ अमित सूद उपस्थित रहे।
आयोजन को जीबी लेजेंड्स, कॉइनेज इन्वेस्टमेंट्स और बिग बेन ऑप्टिकल कंपनी का सहयोग मिल रहा है।एसपीएस घई ने कहा कि एसोसिएशन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पूर्व विद्यार्थियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
निखिल जसपाल ने बताया कि टूर्नामेंट में ओवरऑल ग्रॉस, 0-9, 10-18 और 19-24 हैंडीकैप श्रेणियों में विजेता व उपविजेता को सम्मानित किया जाएगा। सीनियर, जूनियर और प्रायोजक श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा लॉन्गेस्ट ड्राइव, क्लोजेस्ट टू द पिन और स्ट्रेटेस्ट ड्राइव के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रतियोगिता स्टेबलफोर्ड स्कोरिंग प्रणाली के तहत होगी तथा नेट पुरस्कारों के लिए डबल पियोरिया प्रणाली से हैंडीकैप निर्धारित किया जाएगा। इसमें केवल सजोबा सदस्य हिस्सा ले सकेंगे।

