सिटीन्यूज़ नॉउ
मंडी गोबिंदगढ़/ पंजाब। देश भगत विश्वविद्यालय (डीबीयू), पंजाब द्वारा नेशंस डेवलपमेंट एसोसिएशन (एनडीए), क्लस्टर विश्वविद्यालय श्रीनगर, माय भारत जम्मू-कश्मीर, एनआईईएलआईटी श्रीनगर तथा हिमालयन क्लब ट्रस्ट के सहयोग से मेगा जॉब फेयर कश्मीर-2026 का आयोजन 28 जुलाई को अमर सिंह कॉलेज, श्रीनगर में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. जोरा सिंह ने कहा कि डीबीयू गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह जॉब फेयर प्रतिभाशाली युवाओं को देश की अग्रणी कंपनियों से जोड़ने के साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रो-कुलाधिपति डॉ. तजिंदर कौर ने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि डीबीयू देशभर में समय-समय पर प्लेसमेंट ड्राइव एवं उद्योग सहभागिता कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और यह आयोजन युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कुलपति डॉ. हर्ष सदावर्ती ने बताया कि मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा धारकों तथा कुशल युवाओं के लिए ऑन-द-स्पॉट साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

