सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सेंट कबीर पब्लिक स्कूल ने ऑल इंडिया इंटर-स्कूल क्विज चैंपियनशिप ‘पैनटोमैथिक्स-2026’ का आयोजन किया। प्रतियोगिता में देशभर के 486 स्कूलों की 1,229 टीमों ने भाग लिया। ऑनलाइन व जोनल राउंड के बाद पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और झारखंड की 16 शीर्ष टीमों ने 6-7 अगस्त को चंडीगढ़ में ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लिया।
कैंब्रिज कोर्ट हाई स्कूल, जयपुर की टीम मेधांश वड्डाडी और अथर्व गौतम ने खिताब अपने नाम किया। सतीश चंद्र मेमोरियल स्कूल, चकदाह (पश्चिम बंगाल) की जयाब्रता घोष व ऐनक चौधरी प्रथम रनर-अप, जबकि सेंट एंथनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर के पवित्र जैन व सान्वी भाटिया द्वितीय रनर-अप रहे। विजेता टीम को दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।
ग्रैंड फिनाले और सेमीफाइनल का संचालन ‘कौन बनेगा करोड़पति’ फेम क्विज मास्टर वेंकटेश (वेंकी) श्रीनिवासन ने किया। प्रतियोगिता में करंट अफेयर्स, विज्ञान, तकनीक, इतिहास, भूगोल, खेल, साहित्य, मनोरंजन, कला और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
स्कूल के मुख्य प्रशासक गुरप्रीत बख्शी ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर से शुरू हुई पैनटोमैथिक्स आज राष्ट्रीय मंच तक पहुंच गई है। प्रिंसिपल सपना कटोच ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में जिज्ञासा, ज्ञान और आलोचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता का आयोजन नेक्सस कंसल्टिंग के सहयोग से किया गया।

