सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़। चितकारा यूनिवर्सिटी ने अपने पंजाब कैंपस में अटल इन्क्यूबेशन सेंटर-चितकारा इन्क्यूबेशन फाउंडेशन (एआईसी-सीआईएफ) और एआईसी-प्राइड लैब्स का शुभारंभ किया। भारत सरकार के नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन (एआईएम) और विश्वविद्यालय के सहयोग से करीब 20 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह केंद्र ड्रोन टेक्नोलॉजी, एग्रीटेक और रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र के स्टार्टअप्स को बढ़ावा देगा।
इस अवसर पर एटीएल सारथी पंजाब पहल की भी शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य राज्यभर की अटल टिंकरिंग लैब्स को सशक्त बनाना और स्कूल स्तर से स्टार्टअप तक नवाचार की श्रृंखला को मजबूत करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इन्वेस्ट पंजाब के सीईओ अमित ढाका (आईएएस) थे।
इस दौरान नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन के प्रतिनिधियों, चितकारा यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. अशोक चितकारा, प्रेसिडेंट एवं सह-संस्थापक डॉ. मधु चितकारा सहित शिक्षा, उद्योग और निवेश क्षेत्र के कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे।यह इन्क्यूबेशन सेंटर स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, फंडिंग, उत्पाद परीक्षण, उद्योग साझेदारी, बौद्धिक संपदा संरक्षण और नियामकीय मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
डॉ. अशोक चितकारा ने कहा कि यह केंद्र शोध, नवाचार और उद्यमिता को समाज से जोड़ते हुए वैश्विक स्तर के स्टार्टअप तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा। समारोह में पंजाब के उत्कृष्ट एटीएल सारथियों को भी सम्मानित किया गया।

