सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़। विश्व यूथ कप (गोथिया कप-2026) में भारत की मिनर्वा एकेडमी एफसी ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में बोलिविया के कंचेरिटोस फुटबॉल क्लब को 8-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया।
मिनर्वा की ओर से टी. किपगेन ने 8वें और 48वें मिनट में दो गोल किए। नोंगरेम ने 9वें और 43वें मिनट में गोल दागे, जबकि हाओकिप ने 21वें और इंजरी टाइम (25+1) में दो गोल कर टीम की बढ़त मजबूत की। डोनाल्ड (19वें मिनट) और पाइखोम्बा (22वें मिनट) ने भी एक-एक गोल किया। मजबूत डिफेंस और गोलकीपर के शानदार प्रदर्शन के चलते बोलिवियाई टीम पूरे मैच में गोल करने में नाकाम रही।
इससे पहले राउंड-32 में मिनर्वा ने इंग्लैंड के प्रेप स्कूल लॉयंस पर्पल को 10-1 से हराया था, जिसमें पाइखोम्बा और वांगशेम ने हैट्रिक लगाई। वहीं प्री-क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम ने फ्रांस के ओएफसी कोरोन्स को 17-1 से हराकर अपनी ताकत का परिचय दिया। लगातार तीन बड़ी जीत के साथ मिनर्वा एकेडमी अब खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभरी है और सेमीफाइनल में भी जीत का सिलसिला बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।

