सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी महिला महाविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग के कम्पास (क्लब ऑफ एमसीएम डीएवी पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन स्टूडेंट्स) की ओर से ‘पब्लिक पॉलिसी : फ्रॉम आइडियाज़ टू इंपैक्ट’ विषय पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। नीति रणनीतिकार एवं नीति तंत्र के संस्थापक ऋत्विक मेहता ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को सार्वजनिक नीति निर्माण की प्रक्रिया और उसकी व्यावहारिक चुनौतियों से अवगत कराया।
करीब 150 विद्यार्थियों की सहभागिता वाले सत्र में मेहता ने नीति निर्माण में आंकड़ों, विभिन्न सामाजिक-आर्थिक कारकों और उनके पारस्परिक प्रभावों की भूमिका समझाई। उन्होंने नीतिगत निर्णयों के आकलन, डेटा विश्लेषण, सोशल मीडिया और प्रौद्योगिकी के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा की। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि नागरिक समाज, मतदाता और दबाव समूह किस प्रकार नीतिगत निर्णयों को प्रभावित करते हैं।
सत्र के दौरान सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में करियर संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने ओटीटी नीतियों, नीति क्रियान्वयन और नीति रणनीतिकारों के सामने आने वाली चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे।
कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रशासनिक समझ, नेतृत्व क्षमता और नागरिक चेतना विकसित करने में सहायक हैं।

