सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: भारत में कैंसर के बढ़ते मामलों के बीच पार्क अस्पताल, मोहाली के डायरेक्टर मेडिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. संदीप कुक्कर ने लोगों से कैंसर के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच करवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि देश में हर वर्ष करीब 15.6 लाख नए कैंसर के मामले सामने आते हैं और लगभग 8.7 लाख लोगों की मृत्यु होती है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं में स्तन कैंसर प्रमुख रूप से सामने आ रहा है और अब कम उम्र की महिलाओं में भी इसके मामले बढ़ रहे हैं। करीब 50 प्रतिशत मामले 25 से 50 वर्ष की आयु वर्ग में पाए जा रहे हैं। उन्होंने चिंता जताई कि बड़ी संख्या में मरीज एडवांस स्टेज में अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे उपचार चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
डॉ. कुक्कर ने स्वस्थ खान-पान, नियमित व्यायाम, धूम्रपान व शराब से परहेज और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि स्तन में गांठ, त्वचा में बदलाव, सूजन, निप्पल से असामान्य स्राव या बगल में गांठ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
सेल्फ-एग्जामिनेशन और मैमोग्राफी से शुरुआती पहचान में मदद मिल सकती है।उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी, इम्यूनोथेरेपी और टार्गेटेड थेरेपी ने कैंसर उपचार में नई संभावनाएं पैदा की हैं। समय पर जांच और उपचार से मरीजों के बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं।

