सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया, जिससे पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।
भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप ‘लड्डू गोपाल’ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हरे कृष्णा हरे रामा’ जैसे भजनों से मंदिर परिसर और आसपास का माहौल गूंजता रहा।
शहर के सेक्टर 36 स्थित इस्कॉन मंदिर और विभिन्न मंदिरो में अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। यहां भगवान राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए।

