सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) की 46वीं वार्षिक आम बैठक में महिला क्रिकेट, ग्रासरूट स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान और जूनियर खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। होटल हयात रीजेंसी में हुई बैठक में क्रिकेट गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी सत्र की योजनाओं पर चर्चा की गई।
यूटीसीए अध्यक्ष सारांश टंडन ने कहा कि नंदिनी शर्मा और काशवी गौतम जैसी चंडीगढ़ की खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने महिला क्रिकेट को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि गली क्रिकेट में लड़कियों की बढ़ती भागीदारी से उत्साह बढ़ा है और एसोसिएशन ग्रासरूट स्तर पर महिला क्रिकेट को और विस्तार देगा। यूटीसीए चंडीगढ़ में विमेंस प्रीमियर लीग आयोजित करने की योजना पर भी काम कर रहा है।
सितंबर में प्रस्तावित टूर्नामेंट प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपलब्धता के कारण नहीं हो सका। जूनियर क्रिकेट को मजबूत करने के लिए वार्षिक बलराम जी दास टंडन मल्टी-डे क्रिकेट टूर्नामेंट में इस बार 16 टीमें भाग लेंगी। खिलाड़ियों की फिटनेस के लिए अलग जिम और फिजियोथेरेपिस्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

