सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन, चंडीगढ़ के सहयोग से सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ द मल्टी-एथनिक लिटरेचर्स ऑफ द वर्ल्ड (मेलो) के 29वें तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। 20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस सम्मेलन का विषय ‘शांति के लिए साहित्य: सह-अस्तित्व के आख्यान’ रखा गया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पीवीएसएम लेफ्टिनेंट जनरल तजिंदर सिंह और विशिष्ट अतिथि हरियाणा साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. चंदर त्रिखा उपस्थित रहे। लेफ्टिनेंट जनरल तजिंदर सिंह ने अपने संबोधन में साहित्य, युद्ध और शांति के आपसी संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्य और कविता में विभिन्न संस्कृतियों तथा समुदायों को जोड़ने की अद्भुत शक्ति है। उन्होंने कश्मीर, ईरान, चीन और दक्षिण भारत की कविताओं के उदाहरण भी प्रस्तुत किए।
डॉ. चंदर त्रिखा ने साहित्य और शांति के संबंधों पर विचार साझा करते हुए एआई और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बीच पुस्तकों के नियमित अध्ययन की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साहित्य अंतरधार्मिक सद्भाव, सहानुभूति और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है।मेलो की अध्यक्ष प्रो. मंजू जैदका ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के विषय और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा सहित देश-विदेश से आए शिक्षाविद् और शोधकर्ता भी उपस्थित रहे।सम्मेलन के पहले दिन मुख्य व्याख्यान, ऑनलाइन पूर्ण सत्र और पांच समानांतर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें शोधकर्ताओं ने साहित्य, शांति, सद्भाव और सह-अस्तित्व से जुड़े विषयों पर शोध-पत्र प्रस्तुत किए।
सांस्कृतिक संध्या में लोक संगीत सहित विभिन्न प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सम्मेलन के आगामी सत्रों में व्याख्यान, शोध-पत्र प्रस्तुतियों के साथ युवा शोधकर्ताओं के लिए प्रोफेसर आइज़ैक सिक्वेरा मेमोरियल अवॉर्ड प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

