पेशाब में खून आने पर जांच में सामने आया किडनी का ट्यूमर, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी से सफल उपचारखन्ना: पेशाब में बिना दर्द के खून आने और खून के थक्के निकलने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लिवासा अस्पताल, खन्ना में 45 वर्षीय मरीज का सफल उपचार किया गया। जांच के दौरान मरीज की दाहिनी किडनी में 2.5 सेंटीमीटर का ट्यूमर पाया गया, जिसके किडनी कैंसर होने की आशंका थी। ट्यूमर किडनी के पेल्वीकैलिसियल सिस्टम तक फैला हुआ था, जिससे मरीज को लगातार रक्तस्राव हो रहा था।
सीटी स्कैन और अन्य जांचों के बाद मरीज की स्थिति का आकलन कर लिवासा अस्पताल के यूरोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. अंगदजोत सिंह ने लैप्रोस्कोपिक राइट रेडिकल नेफ्रेक्टॉमी की। करीब ढाई घंटे में पूरी हुई इस सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी संतोषजनक रही। ऑपरेशन के तीसरे दिन मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉ. अंगदजोत सिंह ने बताया कि न्यूनतम चीर-फाड़ तकनीक से उपचार करना उनकी प्राथमिकता रही। अस्पताल के फैसिलिटी डायरेक्टर संजय पुरी ने कहा कि सफल उपचार उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

