सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन की विकसित भारत अभियान समिति ने गीतांजलि काउंसलिंग हेल्पलाइन के सहयोग से ‘ब्रेकिंग द साइलेंस: मेंटल हेल्थ विदाउट स्टिग्मा’ विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, खुलकर संवाद के लिए प्रेरित करना तथा इससे जुड़े सामाजिक कलंक को दूर करना था।
प्रख्यात कंसल्टिंग साइकोलॉजिस्ट, आरईबीटी थेरेपिस्ट एवं मनःस्थिति की संस्थापक डॉ. श्रेया पाहवा ने संसाधन विशेषज्ञ के रूप में मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि मानसिक कल्याण केवल मानसिक बीमारी का अभाव नहीं, बल्कि भावनात्मक एवं मनोवैज्ञानिक संतुलन भी है ।
उन्होंने थेरेपी के तीन ‘डी’—डिस्ट्रेस, डेवलपमेंट और डिसऑर्डर—की अवधारणा समझाते हुए परामर्श को आत्म-जागरूकता एवं व्यक्तिगत विकास का प्रभावी माध्यम बताया।संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने भावनाओं को समझने, स्वीकारने तथा अल्बर्ट एलिस के एबीसी मॉडल के जरिए विचारों और व्यवहार के संबंध पर प्रकाश डाला।
कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए समय पर सहायता लेना जरूरी है और मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस एवं आत्म-जागरूकता का प्रतीक है।

