सिटीन्यूज़ नॉउ
मंडी गोबिंदगढ़: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में देश भगत अस्पताल की ओर से गुरुद्वारा छठी पातशाही साहिब, मंडी गोबिंदगढ़ में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 151 मरीजों एवं श्रद्धालुओं ने नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श, लैब जांच और दवाइयों की सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर में डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और बीएएमएस प्रशिक्षुओं की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान लोगों को संक्रामक एवं गैर-संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वास्थ्य देखभाल संबंधी जानकारी भी दी गई।
देश भगत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जोरा सिंह और प्रो-कुलपति डॉ. तेजिंदर कौर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का नेतृत्व कैंपस निदेशक डॉ. कुलभूषण एवं अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. ज्योति एच. धामी ने किया।
डॉ. जोरा सिंह ने इस पहल को गुरु साहिब की निस्वार्थ सेवा एवं सर्वकल्याण की शिक्षाओं को समर्पित बताया। डॉ. तेजिंदर कौर ने कहा कि संस्थान पिछले 25 वर्षों से किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे शिविर जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

