सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन में सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ द मल्टी-एथनिक लिटरेचर्स ऑफ द वर्ल्ड (मेलो) का 29वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 20 से 22 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। ‘शांति के लिए साहित्य: सह-अस्तित्व के आख्यान’ विषय पर आधारित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के विद्वान, शोधकर्ता और शिक्षाविद साहित्य के माध्यम से शांति, सांस्कृतिक संवाद और पारस्परिक समझ को बढ़ावा देने पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन में करीब 100 शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. अनिल प्रसाद मुख्य व्याख्यान देंगे। इस अवसर पर प्रो. एमएल रैना और पंजाब विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. मीनू गुप्ता भी उपस्थित रहेंगी। सम्मेलन में 40 वर्ष से कम आयु के युवा शोधकर्ता को उत्कृष्ट शोध-पत्र के लिए प्रतिष्ठित आइजैक सिक्वेरा मेमोरियल अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. प्रशांत चक्रवर्ती विशेष व्याख्यान देंगे।सम्मेलन में बहुसांस्कृतिक अनुभवों, सामाजिक सद्भाव, पहचान और सह-अस्तित्व जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। चयनित शोध-पत्र मेलो की वार्षिक ऑनलाइन पत्रिका ‘एमईजेओ’ में प्रकाशन के लिए विचारार्थ शामिल किए जाएंगे।
सम्मेलन का नेतृत्व मेलो की अध्यक्ष प्रो. मंजू जैदका करेंगी।कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने कहा कि यह आयोजन अकादमिक आदान-प्रदान और अंतर-सांस्कृतिक संवाद को नई दिशा देगा।

