सिटीन्यूज़ नॉउ
अमृतसर: श्री अमृतसर साहिब के 450वें स्थापना वर्ष को समर्पित खेल आयोजनों के तहत गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) में चार दिवसीय ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें देश की 30 यूनिवर्सिटियों के करीब 350 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मेजबान जीएनडीयू के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है।प्रतियोगिता के महिला वर्ग की 4 किलोमीटर टीम परस्यूट स्पर्धा में जीएनडीयू की टीम ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी दूसरे और महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी तीसरे स्थान पर रही। पुरुष वर्ग की टीम स्प्रिंट स्पर्धा में भी जीएनडीयू के खिलाड़ियों ने पहला स्थान हासिल किया।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी दूसरे और सावित्रीबाई फुले यूनिवर्सिटी, पुणे तीसरे स्थान पर रही।पुरुषों की 4 किलोमीटर टीम परस्यूट स्पर्धा में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने पहला, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने दूसरा और जीएनडीयू ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ चौथे स्थान पर रही।
इस अवसर पर स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. कंवर मनदीप सिंह ने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देती है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल कौशल निखारने का अवसर प्रदान करती हैं।

