सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: करवा चौथ के उल्लास के बीच सेक्टर-24 स्थित ओंकार मार्केटिंग ने महिलाओं के लिए मुफ्त मेहंदी लगाने की विशेष व्यवस्था कर त्योहार की खुशियों को दोगुना कर दिया है। इस पहल के तहत आउटलेट के बाहर 15 प्रशिक्षित मेहंदी विशेषज्ञ महिलाओं के हाथों पर सुंदर और आकर्षक मेहंदी रचा रही हैं।
ओंकार मार्केटिंग के संचालक रविंदर सिंह ने बताया कि हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी 27 और 28 अक्टूबर को विशेष मेहंदी काउंटर लगाए गए हैं। इस पहल की खास बात यह है कि स्लम क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों की 15 कुशल युवतियों को अपनी कला दिखाने के साथ रोजगार कमाने का अवसर भी मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्राहकों के लिए खरीदारी पर आकर्षक उपहार भी दिए जा रहे हैं। यह विशेष ऑफर पिछले कई दिनों से जारी है। रविंदर सिंह के अनुसार, करवा चौथ भारतीय संस्कृति और वैवाहिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर मेहंदी और साज-श्रृंगार महिलाओं के उत्सव का अभिन्न हिस्सा होते हैं।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के त्योहार को खास बनाना और जरूरतमंद युवतियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। मुफ्त मेहंदी की सुविधा के माध्यम से ओंकार मार्केटिंग ने त्योहार की रौनक के साथ सामाजिक सरोकार का भी संदेश दिया है।

