सिटीन्यूज़ नॉउ
अमृतसर: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील का चयन भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, राष्ट्रपति निवास, शिमला में हिंदी विषय में ‘एसोसिएट फेलो’ के रूप में हुआ है। इस फेलोशिप के तहत वे आगामी तीन वर्षों के दौरान समय-समय पर संस्थान में रहकर अपने विशिष्ट शोध कार्य को आगे बढ़ाएंगे।
प्रो. सुनील हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित विद्वान हैं। उनके अब तक लगभग 150 शोध-पत्र एवं आलेख विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं तथा जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं।
भारतीय ज्ञान परंपरा, मूल्यबोध, संस्कृति-बोध और राष्ट्रबोध उनकी साहित्यिक चिंतनधारा के प्रमुख केंद्र हैं।उनकी लेखनी का उद्देश्य नैतिक मूल्यों की स्थापना, मानवीय संवेदनाओं के विकास तथा चरित्र निर्माण के माध्यम से स्वस्थ, संस्कारित और उत्तरदायी समाज के निर्माण में योगदान देना है।
इस उपलब्धि पर प्रो. सुनील ने विश्वविद्यालय के उप-कुलपति प्रो. करमजीत सिंह का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व, निरंतर प्रेरणा, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और मार्गदर्शन से विश्वविद्यालय निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

