सिटीन्यूज़ नॉउ
अमृतसर: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर डायरेक्टोरेट युवा सेवाएं, पंजाब तथा पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के सहयोग से जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत मैराथन, जागरूकता सेमिनार और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मैराथन दौड़ से हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने युवाओं से स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। गुरु नानक भवन में ‘नशों के दुष्प्रभाव एवं एड्स जागरूकता’ विषय पर जागरूकता सेमिनार भी आयोजित किया गया। डीन विद्यार्थी कल्याण डॉ. सतनाम सिंह दियोल ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व पर विचार साझा किए तथा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान लगाए गए रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

