सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मोटरस्पोर्ट, सशक्तिकरण और समावेशिता का संदेश देने के उद्देश्य से रोटरी चंडीगढ़ शिवालिक, टायनोर ऑर्थोटिक्स के सहयोग तथा द लॉरेंस स्कूल, सनावर के समर्थन से 12 सितंबर को चंडीगढ़ से सनावर तक दृष्टिबाधित प्रतिभागियों की कार रैली आयोजित की जाएगी। रैली प्रसिद्ध रैलिस्ट एवं स्कूल के पूर्व छात्र स्वर्गीय हरि सिंह की स्मृति को समर्पित होगी।
सेक्टर-1 स्थित चंडीगढ़ क्लब से सुबह 9 बजे रैली को हरी झंडी दिखाई जाएगी। टीएसडी फॉर्मेट में होने वाली रैली में करीब 45 प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रत्येक कार में दृष्टिबाधित नेविगेटर, चालक और सहायक होगा। नेविगेटर ब्रेल में उपलब्ध रूट निर्देशों के आधार पर चालक का मार्गदर्शन करेंगे।
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 के जोन-8 की असिस्टेंट गवर्नर मनजीत कौर ने कहा कि पहल का उद्देश्य दृष्टिबाधित लोगों की क्षमताओं के प्रति समाज की सोच बदलना है। द लॉरेंस स्कूल, सनावर के सीनियर टीचर कुमार गौतम ने कहा कि सनावर को गंतव्य बनाना हरि सिंह को श्रद्धांजलि देने का विशेष अवसर है। सनावर पहुंचकर प्रतिभागी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे।

