सुशील सहगल/ सिटीन्यूज नाउ
चंडीगढ़। भारतीय कंपनियों के लिए अब सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। तेजी से बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था और सप्लाई चेन के बीच अंतरराष्ट्रीय विस्तार जरूरी बन चुका है। इसी दिशा में स्युओ ग्लोबल यूनिप एलडीए, पुर्तगाल ने ‘ग्लोबलाइजेशन फनल’ पहल के जरिए भारतीय व्यवसायों को यूरोप तक पहुंचाने की रणनीति पेश की है।
सिटी न्यूज़ नाउ से बातचीत करते हुए स्युओ ग्लोबल के संस्थापक एवं सीईओ सुरेन कुमार उप्पल ने बताया कि भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप इकोसिस्टम ने वैश्विक अवसरों के दरवाजे खोले हैं। ऐसे में यह पहल भारतीय एमएसएमई, स्टार्टअप्स और उद्यमियों को यूरोप में बिजनेस स्थापित करने, निवेश बढ़ाने और नए बाजारों में पहचान बनाने में मार्गदर्शन देगी।
इस दौरान केआर आर्या (सेवानिवृत्त आईएएस), रुकुम सत्यार्थ, करमवीर दीवान और मुख्य अतिथि दलीप शर्मा भी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यूरोप, विशेष रूप से 27 देशों वाला ईयू बाजार, भारतीय कारोबार के लिए सबसे स्थिर और संभावनाओं से भरा क्षेत्र है।
‘ग्लोबलाइजेशन फनल’ के माध्यम से स्युओ ग्लोबल न केवल बिजनेस सेटअप, बल्कि टैक्स लाभ, निवेश अवसर और कानूनी प्रक्रियाओं में भी सहायता प्रदान करेगा। यह पहल भारतीय उद्यमियों के लिए वैश्विक पहचान बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

