सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: पिंक अक्टूबर के तहत सहायता चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी ने सेक्टर-17 स्थित रोज गार्डन अंडरपास में स्तन कैंसर जागरूकता अभियान आयोजित किया। इसका उद्देश्य महिलाओं को समय पर जांच करवाने और बीमारी से प्रभावित महिलाओं का सहयोग करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में डॉ. चंद्रशेखर थिएटर ग्रुप ने नुक्कड़ नाटक तथा गवर्नमेंट होम साइंस कॉलेज, चंडीगढ़ ने संगीतमय प्रस्तुति के जरिए जागरूकता और एकजुटता का संदेश दिया। सोसाइटी की अध्यक्ष रेणु सहगल ने महिलाओं से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और बिना झिझक चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
प्रशासक विंग कमांडर अजय तुली (सेवानिवृत्त) ने कहा कि रचनात्मक गतिविधियों से महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। अभियान में संजीवनी लाइफ बियॉन्ड कैंसर, पारस हॉस्पिटल और दिव्या जोशी ने सहयोग दिया।
सोसाइटी अपनी संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय नीलू तुली की स्मृति में 26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सेक्टर-15 स्थित केंद्र में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर लगाएगी। 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मैमोग्राफी और हड्डियों की मजबूती की जांच उपलब्ध होगी। अमृत कैंसर फाउंडेशन सहयोग करेगा। इच्छुक महिलाएं 21 अक्टूबर तक पंजीकरण करवा सकती हैं।

