सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: ओलंपियन एवं स्टार स्कीट निशानेबाज राइजा ढिल्लों को उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए पंजाब विश्वविद्यालय और मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन ने सम्मानित किया। पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मीनाक्षी गोयल ने समारोह में राइजा को सम्मानित किया। कॉलेज की प्राचार्या नीना शर्मा ने भी उन्हें सम्मानित किया।
विश्वविद्यालय ने 1.5 लाख और कॉलेज ने एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की।एमसीएम डीएवी की छात्रा राइजा ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के 2024-25 और 2025-26 सत्रों में स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्होंने ऑल इंडिया 2025-26 स्कीट शूटिंग टूर्नामेंट में भी स्वर्ण हासिल किया।
राइजा जूनियर विश्व कप में स्वर्ण व रजत तथा जूनियर विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने पेरिस ओलंपिक-2024 में भारत का प्रतिनिधित्व किया और ओलंपिक स्कीट स्पर्धा में भाग लेने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। हाल ही में 2026 एशियाई खेलों में महिला स्कीट टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीतकर उन्होंने भारत को इस स्पर्धा का पहला एशियाई खेल पदक दिलाया।

