सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सेकेंड जनरेशन उद्यमी एवं रियल एस्टेट डेवलपर शुभम गुप्ता की पहली पुस्तक ‘द डार्क सीक्रेट्स ऑफ रियल एस्टेट—व्हाट द इंडस्ट्री डज़न्ट वॉन्ट बायर्स टू नो’ का चंडीगढ़ प्रेस क्लब में विमोचन किया गया। 215 पृष्ठों की इस पुस्तक में खासकर पहली बार घर खरीदने वालों के सामने आने वाली कानूनी, तकनीकी और आर्थिक चुनौतियों पर चर्चा की गई है।
शुभम ने कहा कि प्रॉपर्टी खरीदने से पहले खरीदारों को बिल्डर की प्रोफाइल व पिछला रिकॉर्ड, निर्माण गुणवत्ता, प्रोजेक्ट की कानूनी स्थिति और आरईआरए (RERA) पंजीकरण की जांच करनी चाहिए। उन्होंने साइट का स्वयं निरीक्षण करने तथा टाइटल रिकॉर्ड, मदर डीड, नॉन-एन्कम्ब्रेंस सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सेल्स ऑफिस की आकर्षक प्रस्तुति, प्री-लॉन्च कीमत या सीमित उपलब्धता जैसे दावों के आधार पर जल्दबाजी में फैसला नहीं लेना चाहिए। पुस्तक में निर्माण तकनीक, कर लाभ और निवेश से जुड़े जरूरी पहलुओं की जानकारी भी दी गई है।
शुभम ने रियल एस्टेट क्षेत्र में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही की जरूरत बताते हुए कहा कि सही जानकारी से लैस खरीदार बेहतर और सुरक्षित निर्णय ले सकते हैं।

