सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सेक्टर-29 स्थित श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ सेवा मंडल द्वारा 52वें वार्षिक मूर्ति स्थापना उत्सव का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। यह धार्मिक आयोजन 7 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन पूजा-अर्चना, धूना पूजन, भजन संध्या और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उत्सव के प्रथम दिन भगवान श्री बाबा बालक नाथ जी की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चारण और पंचामृत स्नान के साथ विधिवत अभिषेक किया गया। इसके बाद धूना पूजन तथा भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया और सुख-समृद्धि की कामना की।शाम को आयोजित भव्य भजन संध्या कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक राजन राज एवं खुशप्रीत कौर ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कलाकारों ने “पौणाहारिया सानूं प्यार तेरा चाहीदा”, “रहमतां ने कीता ऐ कमाल जोगिया”, “सोने दे सिंहासन ते आ के बह गए पौणाहारी”, “तेरी मेहर जोगिया हो गई ऐ हुण मौजा ही मौजा” तथा “खाली न सानूं दरों मोड़ बाबा” जैसे लोकप्रिय भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
सेवा मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि उत्सव के दौरान देशभर से आए प्रसिद्ध भजन गायक श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर करेंगे। इनमें मिंटू टकरोला, अश्वनी वर्मा, गौरव कौंडल, सोनू सैनी, पंकज शर्मा और अमरजीत शर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं। 7 जून तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

