सिटीन्यूज़ नॉउ
गोहाना:: हरियाणा यूनिवर्सिटीज कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के आह्वान पर भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां की अस्थायी असिस्टेंट प्रोफेसरों की एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. सुमन रंगा और हुकटा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मलिक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव प्रो. शिवालिक यादव से मुलाकात कर लंबित सूचना भेजने का रिमाइंडर सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा मांगी गई जानकारी निर्धारित प्रोफार्मा में सत्यापित कर जल्द भेजने का आग्रह किया। कुलसचिव ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सूचना भेजने के निर्देश देने तथा इसे उसी दिन विभाग को प्रेषित करने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
डॉ. विजय कुमार मलिक ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक ने विश्वविद्यालयों को तीन दिन में पूर्णकालिक व अंशकालिक अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों, रिसोर्स पर्सन्स और टीचिंग असिस्टेंट्स का सत्यापित विवरण भेजने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद सूचना एक माह 12 दिन से लंबित है, जबकि विभाग दो रिमाइंडर भी जारी कर चुका है।उन्होंने कहा कि हुकटा संबंधित विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों से संपर्क कर रहा है, ताकि अनुबंधित शिक्षकों के सेवा सुरक्षा अधिनियम-2026 की प्रक्रिया में और देरी न हो। इस अवसर पर कई अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसर उपस्थित रहे।

