सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी महिला महाविद्यालय में नववर्ष का स्वागत ‘नवोदय’—एक शांत, आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी आयोजन के साथ किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में एक पारंपरिक हवन अनुष्ठान आयोजित किया गया, जो नवचेतना, सकारात्मकता तथा आने वाले वर्ष में शांति, समृद्धि और प्रगति की सामूहिक आकांक्षा का प्रतीक रहा।
हवन में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की तथा संस्थान एवं उसके सभी हितधारकों के लिए एक फलदायी, सौहार्दपूर्ण एवं सफल वर्ष की कामना करते हुए आहुतियाँ अर्पित की। कॉलेज परिसर अध्यात्म और नवचेतना से परिपूर्ण रहा, जिसने साझा उद्देश्यबोध और सकारात्मक ऊर्जा को सुदृढ़ किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय का नववर्ष कैलेंडर भी विमोचित किया गया, जो समग्र शिक्षा के प्रति कॉलेज की विशिष्ट पहलों को प्रतिबिंबित करता है।‘नवोदय’ का आध्यात्मिक आयोजन नव वर्ष में नवीनचेतना का प्रतीक रहा।
कार्यवाहक प्राचार्या श्रीमती नीना शर्मा ने एमसीएम परिवार को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त की कि नया वर्ष नवीन उत्साह, शैक्षणिक उत्कृष्टता और सामूहिक विकास का संदेश लेकर आएगा।

