सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन (एमसीएम) द्वारा सुख फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित दस दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और सामुदायिक सेवा की भावना को विकसित करना था।
समापन समारोह में अधिवक्ता तनु बेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने इंटर्न्स की सक्रिय भागीदारी और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज के कल्याण के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इंटर्नशिप के दौरान छात्राओं ने स्वच्छता अभियान, नशा-मुक्ति जागरूकता रैलियों, विधिक साक्षरता कार्यक्रमों, स्वास्थ्य एवं कल्याण सत्रों तथा शैक्षणिक एवं मीडिया संस्थानों के भ्रमण में भाग लिया। इन गतिविधियों से उन्हें सामाजिक मुद्दों की बेहतर समझ मिली और नेतृत्व, संचार व टीमवर्क जैसे कौशल विकसित हुए।
कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या ने सुख फाउंडेशन को एनईपी के तहत पहले बैच के लिए सफल इंटर्नशिप आयोजित करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के फीडबैक से उनमें जिम्मेदारी, सहानुभूति और व्यावहारिक समझ के विकास का पता चलता है।

