सिटीन्यूज़ नॉउ
मंडी गोबिंदगढ़: सेंट विंसेंट एवं ग्रेनेडाइंस के विदेश मामलों, विदेश व्यापार, विदेशी निवेश एवं प्रवासी मामलों के मंत्री श्री ड्वाइट फिट्ज़गेराल्ड ब्रैम्बल ने विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में देश भगत यूनिवर्सिटी अमेरिका के चांसलर डॉ. ज़ोरा सिंह का स्वागत किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच शिक्षा, निवेश और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मंत्री ब्रैम्बल ने सेंट विंसेंट एवं ग्रेनेडाइंस में देश भगत यूनिवर्सिटी अमेरिका द्वारा किए गए निवेश की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय देश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे योगदान और सरकार के साथ किए जा रहे सहयोग की भी प्रशंसा की।
डॉ. ज़ोरा सिंह ने विश्वविद्यालय की शैक्षिक पहलों, भविष्य की योजनाओं और दोनों देशों के बीच अकादमिक सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि देश भगत यूनिवर्सिटी अमेरिका का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराना तथा विद्यार्थियों के लिए वैश्विक अवसरों का विस्तार करना है।
बैठक में विदेश मंत्रालय की स्थायी सचिव श्रीमती सैंडी पीटर्स-फिलिप्स, विदेश नीति निदेशक सुश्री चार्मेन टैपिन-जॉन, देश भगत यूनिवर्सिटी अमेरिका की प्रो-चांसलर डॉ. तजिंदर कौर, ऑपरेशंस डायरेक्टर श्री अरुण मलिक तथा स्थानीय संचालन निदेशक सुश्री किम हैलबिच भी मौजूद रहीं।
बैठक के अंत में विदेश मंत्रालय ने देश भगत यूनिवर्सिटी अमेरिका के साथ अपनी साझेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई पहलों, निवेश और सहयोग को आगे बढ़ाने तथा सेंट विंसेंट एवं ग्रेनेडाइंस के नागरिकों के हित में मिलकर कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

