सिटीन्यूज़ नॉउ
गोहाना: हरियाणा यूनिवर्सिटीज कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के प्रतिनिधिमंडल ने बरोदा विधायक इंदुराज नरवाल और पूर्व विधायक जगबीर मलिक से भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी विधानसभा मानसून सत्र में प्रदेश के राजकीय विश्वविद्यालयों में कार्यरत करीब 1400 अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों एवं लेक्चरर्स की सेवा-सुरक्षा का मुद्दा उठाने का आग्रह किया।
विधायक इंदुराज नरवाल ने भरोसा दिलाया कि वे विधानसभा में अनुबंधित शिक्षकों की मांग मजबूती से रखेंगे। उन्होंने कहा कि जब कॉलेजों व अन्य अनुबंधित कर्मचारियों को सेवा-सुरक्षा प्रदान की गई है, तो वर्षों से विश्वविद्यालयों में कार्यरत अनुबंधित शिक्षकों को भी समान सुरक्षा मिलनी चाहिए।
हुकटा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विजय मलिक ने कहा कि इन शिक्षकों की नियुक्तियां निर्धारित योग्यता, विधिवत विज्ञापन और चयन प्रक्रिया के तहत हुई हैं तथा कई शिक्षक 10-15 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद नियमित भर्ती के दौरान उनकी सेवाएं समाप्त होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ₹57,700 के प्रारंभिक वेतन पर कार्य कर रहे हैं और नियमित वेतन वृद्धि का लाभ भी प्रभावी रूप से नहीं मिल रहा।
हुकटा ने सरकार से सेवा-सुरक्षा संबंधी विधेयक विधानसभा में पारित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. मीनाक्षी, डॉ. पूनम, डॉ. मीनू, डॉ. लूसी, डॉ. संदीप, डॉ. शीतल, डॉ. मुकेश व डॉ. मनीषा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

