सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली और बोस्टन साइंटिफिक इंडिया ने मिनिमली इनवेसिव यूरोलॉजी उपचार तकनीकों में डॉक्टरों की विशेषज्ञता बढ़ाने के लिए साझेदारी की है। इसके तहत फोर्टिस मोहाली में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा, जहां भारतीय उपमहाद्वीप और दक्षिण-पूर्व एशिया के यूरोलॉजिस्ट्स के लिए हर तीन महीने प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रशिक्षण में प्रोस्टेट के बढ़ने (बीपीएच) और मूत्र मार्ग की पथरी के उपचार से संबंधित एडवांस्ड होल्मियम लेजर तकनीक तथा वाटर वेपर थेरेपी शामिल होगी।
कार्यक्रम में क्लासरूम लर्निंग, सिमुलेशन, हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग और लाइव केस ऑब्जर्वेशन के माध्यम से डॉक्टरों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा।कार्यक्रम का नेतृत्व फोर्टिस मोहाली के यूरोलॉजी एवं रोबोटिक सर्जरी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. रोहित दधवाल करेंगे। प्रशिक्षण में मरीजों का चयन, उपचार तकनीक और क्लीनिकल निर्णय लेने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
फोर्टिस हेल्थकेयर लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अभिजीत सिंह ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के प्रभावी इस्तेमाल के लिए डॉक्टरों को निरंतर प्रशिक्षण और व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना जरूरी है। यह साझेदारी यूरोलॉजी सेवाओं में क्लीनिकल उत्कृष्टता और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी।
बोस्टन साइंटिफिक के एपीएसी ग्रोथ मार्केट्स के वाइस प्रेसिडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मदन कृष्णन ने कहा कि डॉक्टरों के कौशल विकास से आधुनिक उपचार विकल्पों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों की देखभाल बेहतर होगी।प्रशिक्षण में मोसेस 2.0 होल्मियम लेजर तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी, जिसका उपयोग पथरी के उपचार और प्रोस्टेट की होल्मियम लेजर एन्यूक्लिएशन (एचओएलईपी) प्रक्रिया में किया जाता है।
इसके अलावा रेज़ूम वाटर वेपर थेरेपी का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जो बीपीएच के उपचार का मिनिमली इनवेसिव विकल्प है। इस प्रक्रिया में अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं होती और मरीजों को लंबे समय तक लक्षणों से राहत देने में मदद मिलती है।
डॉ. रोहित दधवाल ने कहा कि प्रत्येक मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार का चयन करना महत्वपूर्ण है। डॉक्टरों को नई तकनीकों का प्रशिक्षण देने और उनके अनुभव साझा करने से मरीजों को बेहतर उपचार विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह सेंटर बोस्टन साइंटिफिक इंडिया के यूरोलॉजी पोर्टफोलियो के तहत किसी अस्पताल के साथ स्थापित की गई पहली ऐसी साझेदारी है।

