सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सेक्टर 20 डी स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 12 दिवसीय स्टूडेंट्स इंडक्शन प्रोग्राम ऑन यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज (यूएचवी) का शुक्रवार को समापन हो गया। 20 जुलाई से 1 अगस्त तक आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के यूएचवी सेल एवं पंजाब विश्वविद्यालय के यूएचवी सेल ने यूजीसी और एआईसीटीई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया।
समापन समारोह में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सपना नंदा मुख्य अतिथि रहीं, जबकि यूएचवी विशेषज्ञ एवं इंडो ग्लोबल कॉलेज, मोहाली के प्रो. डॉ. विशाल कुमार ने विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों के व्यावहारिक महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मूल्य आधारित शिक्षा, समग्र विकास, स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास, सहकारिता, कृतज्ञता, पारस्परिक विश्वास और जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों पर संवादात्मक सत्रों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया गया।
प्राचार्य डॉ. सपना नंदा ने कहा कि एक शिक्षक के लिए विषय ज्ञान के साथ नैतिक एवं मानवीय मूल्यों का होना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में प्राप्त सीख को अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के डीन डॉ. ए.के. श्रीवास्तव ने किया था। विभिन्न सत्रों का संचालन डॉ. श्योजी सिंह, डॉ. वंदना अग्रवाल, डॉ. निशा सिंह, डॉ. रविंदर कुमार तथा पंजाब विश्वविद्यालय की डॉ. गरिमा जोशी ने किया। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।

