सिटीन्यूज़ नॉउ
जीरकपुर: विश्वास फाउंडेशन पंचकूला की ओर से गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के पीताम्बर दिवस के उपलक्ष्य में होटल पार्क प्लाजा, जीरकपुर में आयोजित समागम के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण सत्संग हुआ। गुरुदेव श्री ने श्रद्धालुओं को ध्यान के माध्यम से अंतर्मन से जुड़ने और जीवन में सकारात्मकता अपनाने की प्रेरणा दी।
प्रवचनों में गुरुदेव श्री ने कहा कि ध्यान व्यक्ति को आत्मचिंतन का अवसर देने के साथ मन की शांति और एकाग्रता बनाए रखने में सहायक है। नियमित ध्यान से नकारात्मक विचारों पर नियंत्रण पाने तथा धैर्य, संतुलन और आत्मविश्वास विकसित करने में मदद मिलती है। उन्होंने गुरु के प्रति श्रद्धा और परमात्मा के प्रति समर्पण को जीवन में विशेष महत्व देने का संदेश दिया।
सत्संग के दौरान गुरुदेव श्री ने ‘मेरी ज़िंदगी में क्या था, तेरी बंदगी से पहले’ और ‘जग में दो दिन का मेहमान ये माटी का पुतला है’ भजनों का गायन किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। साध्वी नीलिमा विश्वास जी ने भी गुरु की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को सदाचार, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
समागम की दूसरी बैठक का समापन गुरुदेव श्री ने ‘ॐ गुरुवे नमः’ महामंत्र के गायन से किया। श्रद्धालुओं ने सत्संग में भाग लेकर गुरु-भक्ति और आध्यात्मिक शांति का संदेश ग्रहण किया।

