सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: नवंबर माह में मनाए जाने वाले लंग्स कैंसर अवेयरनेस मंथ के अवसर पर मैक्स अस्पताल, मोहाली के प्रिंसिपल कंसल्टेंट – मेडिकल ऑन्कोलॉजी एवं हीमैटो-ऑन्कोलॉजी, डॉ. केतन डांग ने लंग्स कैंसर, इसके जोखिम कारकों और समय पर निदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. केतन डांग ने कहा की तंबाकू का सेवन और धूम्रपान लंग्स कैंसर के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं, हालांकि यह बीमारी उन लोगों को भी हो सकती है जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया हो।
लगातार खांसी आना, खांसी के साथ खून आना, बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना, सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ और बार-बार श्वसन संक्रमण होना इसके सामान्य चेतावनी संकेत हैं। ये लक्षण अन्य बीमारियों के कारण भी हो सकते हैं, लेकिन लंबे समय तक बने रहने वाले या गंभीर होते लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए।
डॉ. केतन डांग ने कहा, “लंग्स कैंसर के कैंसर के लक्षणों को कई बार सामान्य श्वसन संबंधी समस्याएं समझ लिया जाता है, जिसके कारण बीमारी के निदान में देरी हो सकती है। हालांकि धूम्रपान इसका एक प्रमुख जोखिम कारक है, लेकिन यह बीमारी धूम्रपान न करने वाले लोगों को भी प्रभावित कर सकती है।
”डॉ. डांग ने आगे कहा, “तंबाकू के सेवन के अलावा वायु प्रदूषण और कुछ व्यावसायिक गतिविधियों के दौरान हानिकारक पदार्थों के संपर्क में आने से भी लंग्स कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। अपने स्वास्थ्य में होने वाले असामान्य बदलावों के प्रति सतर्क रहना और लगातार बने रहने वाले लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना भी बेहद जरूरी है।”

