पढ़ाई के साथ कमाई का नया रास्ता, डिग्री के साथ रोजगार की गारंटी की ओर कदम
सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़। लैमरिन टेक स्किल्स यूनिवर्सिटी पंजाब ने इंडस्ट्री-एकेडमिया-मानव संसाधन मीट 2026 के जरिए शिक्षा के पारंपरिक ढांचे को बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इस दौरान बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग, नॉर्दर्न रीजन, कानपुर के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए, जो उत्तर भारत में अपनी तरह का पहला कदम माना जा रहा है।
इस पहल के तहत विद्यार्थियों को डिग्री के साथ सरकारी मान्यता प्राप्त अप्रेंटिसशिप मिलेगी, जिसमें वे पढ़ाई के साथ कमाई भी कर सकेंगे। साथ ही उन्हें सीधे लाभ अंतरण के माध्यम से आर्थिक सहयोग भी प्राप्त होगा। उद्देश्य साफ है—किताबी ज्ञान को वास्तविक कार्य अनुभव से जोड़ना और युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना।
कार्यक्रम में बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के निदेशक श्री विवेक कुमार ने प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों और उद्योग प्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। यूनिवर्सिटी के चांसलर निर्मल सिंह रियात ने इसे सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया, वहीं वाइस चांसलर डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि यह नई शिक्षा नीति के अनुरूप एक मजबूत कदम है।
प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव मदान तथा वैभव ने भी अपने अनुभव साझा किए। कॉर्पोरेट रिलेशंस के कार्यकारी निदेशक सचिन जैन ने कहा कि बेरोजगारी का मुख्य कारण शिक्षा में औद्योगिक जुड़ाव की कमी है, जिसे यह मॉडल दूर करेगा।रजिस्ट्रार प्रो. बी.एस. सत्याल ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में सहायक निदेशक गजे पटियाल सहित 125 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी रही।

