सिटीन्यूज़ नॉउ
भारत/नेपाल: नेपाल के नुवाकोट में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सामाजिक सेवा संस्था यूनाइटेड सिख्स के स्वयंसेवक लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। संस्था की ओर से प्रतिदिन दो बार करीब 2,000 लोगों को ताजा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
राहत अभियान के तहत विस्थापित परिवारों, बच्चों और बुजुर्गों के अलावा राहत एवं बचाव कार्यों में तैनात नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के जवानों को भी भोजन दिया जा रहा है।
जरूरतमंद परिवारों को स्वयं खाना बनाने के लिए सूखा राशन भी वितरित किया जा रहा है।भोजन सेवा के साथ संस्था ने बाढ़ में घर गंवाने वाले परिवारों के लिए 65 अस्थायी आश्रयों के निर्माण का लक्ष्य रखा है।
इसके लिए तत्काल सहयोग की अपील की गई है। अगले चरण में प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी घर बनाने की योजना है।यूनाइटेड सिख्स के निदेशक एम. जे. सिंह ने कहा कि संकट की घड़ी में निस्वार्थ सेवा ही मानवता की सबसे बड़ी ताकत है।

