सिटीन्यूज़ नॉउ
बद्दी: महाराजा अग्रसेन स्कूल ऑफ फार्मेसी एवं महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी की ओर से आरएक्स यूरोपियन क्लब के सहयोग से ‘रोगी सुरक्षा में फार्माकोविजिलेंस एवं मटेरियोविजिलेंस की भूमिका’ विषय पर ज्ञानवर्धक सेमिनार आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्व फार्मेसी सप्ताह-2026 का शुभारंभ भी किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को रोगी सुरक्षा के लिए औषधि सुरक्षा निगरानी और चिकित्सा उपकरणों की सुरक्षा निगरानी के महत्व से अवगत कराना था। विशेषज्ञों ने दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों से संबंधित प्रतिकूल घटनाओं की पहचान, निरंतर निगरानी और जिम्मेदार रिपोर्टिंग के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता डॉ. अजय प्रकाश, एसोसिएट प्रोफेसर, फार्माकोलॉजी विभाग, पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ ने फार्माकोविजिलेंस, औषधि सुरक्षा तथा एडवर्स ड्रग रिएक्शन की रिपोर्टिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दवाओं की व्यवस्थित निगरानी संभावित सुरक्षा संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान करने और रोगी देखभाल को अधिक सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर प्रो. (डॉ.) आर.के. गुप्ता, वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) प्रदीप सिंह वालिया, चांसलर सुरेश गुप्ता, रजिस्ट्रार डॉ. पंकज नागलिया, स्कूल की निदेशिका प्रो. (डॉ.) मोनिका पिपलानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।

