Home Blog Page 134

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पत्नी के साथ देखी फिल्म– ‘गुरु नानक जहाज़’

सिटीन्यूज़ नॉउ

मोहाली- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पत्नी गुरप्रीत कौर के साथ मोहाली स्थित सीपी 67 मॉल पहुंचे। यहां उन्होंने पीवीआर में फिल्म ‘गुरु नानक जहाज़’ देखी। यह फिल्म कनाडा जाने वाले शुरुआती प्रवासियों के संघर्षों पर आधारित है, जिसे देखकर मुख्यमंत्री भावुक भी नजर आए। फिल्म ने न सिर्फ इतिहास को सामने लाने का काम किया है, बल्कि मौजूदा समय में प्रवासी मुद्दों को भी उजागर किया है।

मुख्यमंत्री के दौरे से मॉल में मौजूद लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। फिल्म के बाद मुख्यमंत्री ने इसे एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कहानियां युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं।सीपी 67 मॉल, जो यूनिटी होमलैंड ग्रुप का प्रोजेक्ट है, लगातार एक सांस्कृतिक और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

इस मौके पर सीपी 67 के सीईओ उमंग जिंदल ने कहा, हमारे लिए गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी हमारे मॉल आए और इतनी अहम फिल्म देखी। हम अपने हर विज़िटर को बेहतरीन अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्राइवेट स्कूलों का स्थाई समाधान करे सरकार – कुलभूषण शर्मा

चंडीगढ़:- प्रेस क्लब में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए फेडरेशन ऑफ़ प्राइवेट स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष और निसा के राष्ट्रिय अध्यक्ष कुलभूषण शर्मा ने कहा जिन स्कूलों को सरकार द्वारा मान्यता प्रदान नहीं की गई है, उनका मामला दो दशकों से भी अधिक समय से आधार में लटका हुआ है, जिससे हरियाणा में हर वर्ष जब अप्रैल माह में दाखिले का वक्त होता है और जब बोर्ड परीक्षा समय होता है प्राइवेट स्कूलों पर तलवार लटका दी जाती है, जिससे प्राइवेट स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने की जगह अपने- अपने विद्यालयों का अस्तित्व बचाने के लिए अधिकारीयों और सरकार के चक्कर लगाने पर लगे रहते है |

कुलभूषण शर्मा ने कहा 10 वर्ष से अधिक समय से हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है जिसने घोषणा पत्र में वादा किया था की उनकी सरकार बनने पर इस समस्या का स्थाई समाधान कर दिया जायेगा परन्तु चिंता का विषय यह है की हरियाणा के हज़ारों स्कूल अब भी उस राहत का इंतजार कर रहे हैं जिसकी उम्मीद उनको भारतीय जनता पार्टी की सरकार से है | कुलभूषण शर्मा ने कहा जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर वर्ग को राहत दे रहे हैं तो उन्हें प्राइवेट स्कूलों की बैठक बुलाकर उनकी समस्या का समाधान शीघ्र करना चाहिए !

प्राइवेट स्कूल लगातार शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा जी को भी अपनी समस्याओं से अवगत करवा रहे हैं, कुलभूषण शर्मा ने कहा सरकार को एक मुश्त शिक्षा के अधिकार के तहत 2011 से पहले चलने वाले स्कूलों को शिक्षा के अधिकार के तहत हर स्कूल को जितने कमरे उनके पास उपलब्ध है उसके अनुसार मान्यता प्रदान कर देनी चाहिए ताकि सभी स्कूल शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ कर शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करें | जो स्कूल किसी कारण नियम पुरे नहीं कर पा रहे हैं उन्हें उचित समय दे कर पुराने नियमों में स्कूल शिफ्ट करने की अनुमति प्रदान करनी चाहिए | कुलभूषण शर्मा ने कहा एक विशेष आर्डर का हवाला देकर कुछ जिलों में अधिकारी कुछ स्कूलो पर जोर जबरदस्ती कर रहे है जो सही नहीं है |

शिक्षकों से इस प्रकार का व्यवहार सभ्य समाज में बर्दाश्त के काबिल नहीं है माननीय मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री तुरंत मामले में हस्तक्षेप कर स्कूलों से हो रही धक्केशाही और उनके खिलाफ अफ आई आर की धमकी दी जा रही है पर अंकुश लागए और प्राइवेट स्कूलों के प्रतिनिधियों से बैठककर इसका स्थाई समाधान निकालें |कुलभूषण शर्मा प्रदेशाध्यक्ष – फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा |

वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह – गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर 20-डी, चंडीगढ़

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़- गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर 20-डी, चंडीगढ़ का वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं एनएसएस विदाई समारोह 7 मई 2025 को अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। यह विशेष अवसर शैक्षणिक सत्र 2024–25 की पूर्णता का प्रतीक रहा और छात्रों की शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम, खेल और सामाजिक सेवा में उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए एक सशक्त मंच बना।

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज एंथम की गूंज के साथ हुई, जिसने समारोह को एक गंभीर और गर्वपूर्ण स्वर प्रदान किया। इसके उपरांत प्राचार्य डॉ. सपना नंदा ने औपचारिक स्वागत भाषण दिया और मुख्य अतिथि डॉ. ऋचा राठी (एचसीएस), अतिरिक्त निदेशक, उच्च शिक्षा, चंडीगढ़ प्रशासन, संकाय सदस्यों एवं छात्रों का स्वागत किया। अपने संबोधन में डॉ. नंदा ने बीते वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कॉलेज की शैक्षणिक उत्कृष्टता, मूल्य-आधारित शिक्षा और समग्र विकास के प्रति संस्थान की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।

उन्होंने भावी शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा: “बी.एड. का चयन करके आपने केवल एक पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन चुना है। मन बदलना सबसे चुनौतीपूर्ण कार्य है—और यह सामर्थ्य केवल एक शिक्षक के पास होती है। शिक्षक का प्रभाव कई बार माता-पिता से भी अधिक होता है; वह किसी में जुनून जगा सकता है या जीवन भर की निराशा भी।

इस समारोह में 185 से अधिक छात्रों को शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिसमें मिस्टर करनदीप सिंह को विभिन्न क्षेत्रों में शानदार उपलब्धियों के लिए “रोल ऑफ ऑनर”, 20 कॉलेज कलर और मेरिट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इन सम्मानों के माध्यम से न केवल अकादमिक उत्कृष्टता बल्कि सह-पाठ्यक्रम, खेलों और सामाजिक सेवाओं में छात्रों के योगदान को भी मान्यता दी गई।

कार्यक्रम का समापन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसने रचनात्मकता और आनंद के भाव को प्रकट किया। सभी को भविष्य के लिए शुभकामनाओं और नई प्रेरणाओं के साथ विदा किया गया। यह आयोजन एक बार फिर कॉलेज की इस प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है कि वह केवल शिक्षकों को नहीं, बल्कि परिवर्तन और आशा के वाहकों को तैयार कर रहा है।

विश्व अस्थमा दिवस गर्म महीनों में हाइड्रेटेड रहना बहुत ज़रूरी: अस्थमा एक्सपर्ट

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़: अस्थमा एक पुरानी सूजन वाली फेफड़ों की बीमारी है, जिसमें सांस लेने में कठिनाई होती है और अगर समय रहते इसका इलाज न किया जाए तो यह अक्सर लोगों की दैनिक गतिविधियों को बाधित कर सकती है। मंगलवार को विश्व अस्थमा दिवस पर बोलते हुए, मैक्स अस्पताल, मोहाली में पल्मोनोलॉजी के प्रिंसिपल कंसल्टेंट डॉ. ओंकार गुप्ता ने सिटीन्यूज़ नॉउ को बताया कि गर्मियों में अक्सर कई कारकों के संयोजन के कारण अस्थमा के लक्षण बढ़ जाते हैं, जिसमें पराग कणों की संख्या में वृद्धि, प्रदूषकों के संपर्क में आना और गर्मी और आर्द्रता जैसी चरम मौसम की स्थिति शामिल हैं, ये तत्व लक्षणों को ट्रिगर या बढ़ा सकते हैं, खासकर मौसमी एलर्जी या पहले से मौजूद अस्थमा वाले व्यक्तियों में,”“गर्मी के महीनों में अच्छी तरह से हाइड्रेटेड रहना बहुत ज़रूरी है।

प्रदूषण के स्तर अधिक होने पर बाहरी गतिविधियों को सीमित करना भी उचित है। अगर बाहर जाना ज़रूरी है, तो सुबह जल्दी या शाम को गतिविधियों की योजना बनाना, जब हवा की गुणवत्ता आम तौर पर बेहतर होती है, आम ट्रिगर्स से बचने में मदद कर सकता है| उन्होंने आगे कहा कि निर्धारित नियंत्रक दवाओं और सही इनहेलर तकनीकों का लगातार उपयोग अस्थमा को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए महत्वपूर्ण है।

नियमित रूप से इनहेलर का उपयोग यह सुनिश्चित कर सकता है कि रोगियों को उनकी दवा से अधिकतम लाभ मिले। अस्थमा एक प्रबंधनीय स्थिति है। सही सावधानियों, नियमित चिकित्सा परामर्श और व्यक्तिगत ट्रिगर्स की पूरी समझ के साथ, एक व्यक्ति बेहतर आदतों को अपनाकर और चिलचिलाती गर्मी के महीनों के दौरान निवारक उपाय करके एक स्वस्थ जीवन शैली जी सकता है, डॉ गुप्ता ने कहा ।

चंडीगढ़ के रूह फेस्टिवल में फिरदौस बैंड की धमाकेदार प्रस्तुति, भुवन शर्मा की ग़ज़लों ने बाँधा समां

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़, — रूह फेस्टिवल की शामें दिन-ब-दिन संगीतमय रंगों से भरती जा रही हैं। बुधवार की शाम दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव लेकर आई, जब युवाओं के चहेते फिरदौस बैंड ने मंच संभालते ही अपनी ऊर्जावान और दिल छू लेने वाली प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को झूमने पर मजबूर कर दिया।

बैंड द्वारा पेश किए गए समकालीन और शास्त्रीय संगीत के मेल ने युवाओं में उत्साह भर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट और हूटिंग की गूंज देर तक स्थल में गूंजती रही।शाम जैसे-जैसे गहराती गई, मंच पर प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक भुवन शर्मा की सधी हुई मौजूदगी ने वातावरण में भावनाओं की एक नई परत जोड़ दी। उनकी मखमली आवाज़ और सूफियाना अंदाज़ ने श्रोताओं को गहराई से छू लिया।उन्होंने ‘कौन था वो जिसको देखा नहीं…’, ‘आज जाने की ज़िद न करो…’, ‘रफ़्ता रफ़्ता हो गए…’ और ‘ताना बाना बुनती हवा…’ जैसी ग़ज़लों के माध्यम से महफिल को एक नई ऊंचाई दी।

भुवन शर्मा ने मंच से कहा, “संगीत वही जो रूह तक पहुंचे, और ग़ज़ल वही जो दिलों को झिंझोड़ दे।”रूह फेस्टिवल की यह संध्या भावनाओं, कला और आत्मा को छूने वाले संगीत का एक अनुपम संगम साबित हुई, जिसने हर उम्र के दर्शकों के दिलों में एक अमिट छाप छोड़ी।

श्री श्याम परिवार ट्रस्ट ने करवाए जरूरतमंद लोगों के आंखों के ऑपरेशन

सिटीन्यूज़ नॉउ

पंचकूला । मानव स्वास्थ्य को समर्पित श्री श्याम परिवार ट्रस्ट पंचकूला इन दिनों जरूरतमंद लोगों के आंखों के निशुल्क ऑपरेशन करवा रहा है। ट्रस्ट के सेवादार राकेश बंसल ने बताया कि जरूरतमंद लोगों के ,ऑपरेशन के दौरान होने वाले सभी प्रकार के खर्च, दवाइयां एवं चश्मे ट्रस्ट की तरफ से निशुल्क दिए जा रहे हैं। ट्रस्ट की तरफ से लगाया जा रहे निशुल्क कैंप में सैकड़ो लोग लाभ उठा रहे है।

राकेश बंसल ने सिटीन्यूज़ नॉउ को बताया कि अगर कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति अपने आंखों का ऑपरेशन करवाना चाहता है तो वह पंचकूला सेक्टर 14 एससीओ नंबर 133 , श्री श्याम परिवार ट्रस्ट पंचकूला मैं आकर करवा सकता हैं।

उन्होंने बताया कि आंखों का ऑपरेशन करने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीज की जांच की जाएगी उसके बाद आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा ऑपरेशन किया जाएगा। गौरतलब है कि श्री श्याम परिवार ट्रस्ट पंचकूला में ओपीडी मात्रा 11 रुपए एवं एक दिन की दवाई ₹11 में दी जाती है।

इस ट्रस्ट में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, खून से संबंधित सभी प्रकार के टेस्ट बाजार से बहुत ही कम दरों में किया जा रहे हैं। ट्रस्ट की इस सेवा का हजारों की संख्या में मरीज लाभ उठा रहे हैं।

पुरानी किताबें एकत्र करके भेंट की गईं पुस्तक दान अभियान रद्दी से शिक्षा का आयोजन किया- पुस्तक पुरुष संदीप

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर-46 ने अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित पुस्तक दान अभियान रद्दी से शिक्षा का आयोजन किया। इस पहल के तहत कर्मचारियों और छात्रों से पुरानी किताबें एकत्र की गईं और उन्हें शहर के पुस्तक पुरुष संदीप को दान कर दिया, जो एनजीओ, ओपन आइज़ फाउंडेशन के संस्थापक हैं।

इस नेक काम का उद्देश्य वंचित व्यक्तियों के लिए शिक्षा को और अधिक सुलभ बनाना था। प्रिंसिपल डॉ. जे के सहगल और वाइस प्रिंसिपल डॉ. स्नेह हरशिन्दर शर्मा ने अर्थशास्त्र विभाग, कर्मचारियों और छात्रों के प्रयासों की सराहना की। प्रोफेसर जे के सहगल ने कहा कि शिक्षा और सुलभता को बढ़ावा देने के लिए पुस्तक दान अभियान रद्दी से शिक्षा कॉलेज की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने कर्मचारियों और छात्रों की उदारता की भी सराहना की जिन्होंने इस नेक काम का समर्थन करने के लिए किताबें दान कीं। डीन और अर्थशास्त्र विभाग की प्रमुख अनुराधा मित्तल ने सभी को उनकी भागीदारी और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

एसएस जैन सभा, सेक्टर 18 मे हुए महासचिव चुनाव से सुकेश जैन अध्यक्ष व संजीव जैन महासचिव नियुक्त

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : एसएस जैन सभा, चण्डीगढ़ की आम बैठक जैन स्थानक, सैक्टर 18-डी, चण्डीगढ़ में हुई जिसमें सर्वसम्मति से सुकेश जैन को एसएस जैन सभा का प्रधान तथा संजीव जैन को महासचिव चुना गया। इनके अलावा विजय जैन को उप-प्रधान, सत्यन जैन को प्रबंध मंत्री, नीरज जैन को प्रचार मंत्री, राकेश जैन को स्टोर मंत्री तथा वरिंद्र जैन को कोषाध्यक्ष चुना गया। यह घोषणा सभा द्वारा नियुक्त किए गए चुनाव अधिकारी केसी जैन व बीडी बंसल ने की।

भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ किया प्रदर्शन

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था के संस्थापक व समाजसेवी अनूप सरीन के नेतृत्व में आज जनजागृति अभियान के तहत सैक्टर 45 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष पर्यटकों की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और इस निर्मम और कायराना हरकत के विरोध में युवाओं द्वारा प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन में भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगे। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि देश ऐसे हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से आतंकियों को कड़ी सजा देने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी दुख:द घटना की पुनरावृत्ति न हो।

प्रदर्शन के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। अनूप सरीन ने आतंकवाद के विरुद्ध देश की एकजुटता और संकल्प को दोहराया और आने वाले दिनों में ये जनजागृति अभियान शहर के विभिन्न सैक्टरों में जारी रखने की जानकारी दी। इस अवसर पर राकेश कनोजिया, नरिन्दर शर्मा, मनोज शर्मा, राजेश, हरीश, अश्वनी शर्मा, सपना शर्मा, मनोज एवं अन्य साथी उपस्थित रहे।

पीएम विश्वकर्मा योजना का कैंप लगवाने पर भाजपाइयों ने किया विरोध

सिटीन्यूज़ नॉउ

मनीमाजरा : कम्युनिटी सेंटर, वार्ड नंबर 4, इंदिरा कॉलोनी में उद्योग विभाग, चण्डीगढ़ द्वारा पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कारीगरों व शिल्पकारों को विशेष लाभ देने हेतु लगाए गए कैंप को नियमों का उल्लंघन करते हुएआम आदमी पार्टी पार्षद सुमन शर्मा ने अपने समर्थकों को लाभ दिलाने हेतु अपने दफ्तर में ही कैम्प लगवा दिया जबकि कायदे से इसे नीचे हॉल में लगाना चाहिए था।

यहां तक कि पार्षद की कुर्सी पर भी उनके जेठ विनोद कुमार बैठे हुए थे। इसके अलावा ये योजना प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी ने शुरू की थी, इसलिए इसके बैनर भी लगाए जाने आवश्यक थे परन्तु ये कार्यक्रम गुपचुप ढंग से कराया जा रहा था।

सूचना मिलने पर मनोनीत पार्षद गीता चौहान एवं स्थानीय भाजपा नेता राजेश सिंगला, रामेश्वर गिरी, अंकित अरोड़ा, शक्ति श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष कमल मौर्य, राज कुमार सैनी व साहू आदि भी मौके पर पहुंचे व सारे घटनाक्रम का विरोध किया।

सुमन शर्मा व विनोद कुमार पर स्थानीय निवासियों व गीता चौहान ने बदतमीजी करने का भी आरोप लगाया व पुलिस बुला ली। बाद में विनोद शर्मा को माफी मांगनी पड़ी व कैंप भी आधिकारिक जगह पर शिफ्ट कराया गया।